चंडीगढ़ , जून 01 -- हरियाणा में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण खेती किसानों के लिए घाटे का सौदा बनती जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ, जबकि खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल और कृषि उपकरणों की कीमतों में लगातार वृद्धि से खेती की लागत बढ़ी है।
कुमारी सैलजा ने यहां एक बयान में कहा कि हाल ही में एनपीके और पोटाश जैसे उर्वरकों की कीमतों में बढ़ोतरी से किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उनके अनुसार, खेती के लिए आवश्यक संसाधनों के महंगे होने से किसानों की परेशानियां बढ़ी हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए कृषि आदानों की कीमतों पर नियंत्रण, डीजल पर राहत तथा फसलों के लिए लाभकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने केंद्र सरकार से उर्वरकों की बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने और किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग की। वह कांग्रेस किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाती रही हैं और आगे भी किसानों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित