रांची , अप्रैल 06 -- झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कांग्रेस के महासचिव सह मिडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

श्री सिन्हा ने कहा कि यह दिन केवल एक राजनीतिक दल के गठन का प्रतीक नहीं है, बल्कि पिछले कुछ वर्षों में देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों पर हुए हमलों की भी याद दिलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने स्थापना के मूल सिद्धांतों-राष्ट्रवाद, सुशासन और पारदर्शिता-से पूरी तरह से विचलन कर लिया है और आज उसकी राजनीति केवल विभाजन, ध्रुवीकरण और सत्ता के केंद्रीकरण तक सीमित रह गई है।

श्री सिन्हा ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में देश की अर्थव्यवस्था गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। बेरोजगारी अपने चरम पर है, महंगाई लगातार आम जनता की कमर तोड़ रही है, और छोटे व मध्यम वर्ग के व्यवसायी कठिनाइयों से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार जमीनी मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट की राजनीति में लगी हुई है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है, जिससे लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।

कांग्रेस ने सामाजिक ताने-बाने पर भी चिंता जताई और कहा कि भाजपा की नीतियों ने देश में भाईचारे और एकता को नुकसान पहुंचाया है। धर्म और जाति के आधार पर समाज को बांटने की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे देश की विविधता और समावेशी संस्कृति पर खतरा उत्पन्न हो गया है। कांग्रेस का मानना है कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता और एकता में है, जिसे भाजपा की राजनीति लगातार कमजोर कर रही है।

इसके अलावा, कांग्रेस ने किसानों, युवाओं और मजदूरों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इनके हितों की अनदेखी की है। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, युवाओं के पास रोजगार के अवसर नहीं हैं और मजदूर वर्ग असुरक्षित महसूस कर रहा है। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा के स्थापना दिवस पर आत्ममंथन करने की जरूरत है, ताकि वह देश की वास्तविक समस्याओं को समझ सके और उनके समाधान के लिए ईमानदारी से काम करे।

कांग्रेस ने कहा कि वह देश के संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। कांग्रेस ने भाजपा से आग्रह किया कि वह नफरत और विभाजन की राजनीति छोड़कर विकास, रोजगार और सामाजिक सद्भाव की दिशा में काम करे, ताकि देश एक मजबूत और समावेशी भविष्य की ओर बढ़ सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित