चंडीगढ़ , सितंबर 24 -- आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के नेता एवं विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी ने भाजपा की नशा विरोधी रैलियों और रोड शो को विफल बताते हुए केंद्र सरकार पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के माध्यम से पंजाब में राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पंजाब युवा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष परमिंदर सिंह गोल्डी के साथ संवाददाता सम्मेलन में श्री कलसीने दावा किया कि भाजपा के कार्यक्रमों को पंजाब में लोगों का अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इसके बाद मोहाली में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) में कार्रवाई और मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के निजी सहायक के आवास पर ईडी की छापेमारी करायी गयी।

श्री कलसी ने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के जरिये आम आदमी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में इस तरह की कार्रवाई से किसी को डराया नहीं जा सकता।

उन्होंने भाजपा से राजनीति के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों, मोहल्ला क्लीनिकों और अस्पतालों के क्षेत्र में काम किया है तथा 600 यूनिट मुफ्त बिजली और बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा जैसी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को भी अपने शासन वाले राज्यों में जनहित के कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित