लखनऊ , अगस्त 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी की नवनियुक्त राष्ट्रीय टीम को सर्वसमावेशी विकास और सम्मान की नीति से सुसज्जित बताते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय टीम राष्ट्र प्रथम के संकल्प, सर्वसमावेशी सोच और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के प्रति सम्मान का सशक्त उदाहरण है। श्री चौधरी ने कहा कि नई टीम इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि भाजपा ऐसा संगठन है, जहां हर वर्ग, हर समुदाय और हर क्षेत्र के कार्यकर्ता को अपनी निष्ठा, मेहनत और क्षमता के बल पर नेतृत्व करने का समान अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के दीर्घकालिक अनुभव से लेकर 51 नए चेहरों के आने, 12 महिला पदाधिकारियों के मजबूत प्रतिनिधित्व और 35 वर्ष से कम आयु के युवा सदस्यों को स्थान दिए जाने से टीम में अनुभव, ऊर्जा और नई सोच का संतुलित समन्वय दिखाई देता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के कार्यकर्ता के रूप में उन्हें गर्व है कि भाजपा ही ऐसा दल है, जहां जमीन पर पसीना बहाने वाले सामान्य कार्यकर्ता के समर्पण को पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में पद नहीं, बल्कि सेवा, राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति निष्ठा सर्वोपरि है। नई राष्ट्रीय टीम इसी परंपरा का जीवंत उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' भाजपा संगठन की निष्पक्षता और समावेशी कार्यशैली का मूलमंत्र है। यही विचार भाजपा को देश का सबसे लोकप्रिय, विश्वसनीय और जनप्रिय संगठन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

पंकज चौधरी ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के ऊर्जावान नेतृत्व में नई राष्ट्रीय टीम संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और जनसेवा के क्षेत्र में अभूतपूर्व आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित