देहरादून/काशीपुर , अक्तूबर 13 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उधमसिंह नगर जनपद अन्तर्गत काशीपुर में मंगलवार से दो दिवसीय 'विधानसभा विस्तारक एवं विधानसभा प्रभारी कार्यशाला का आगाज हो गया।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन वी. सतीश, प्रदेश महामंत्री द्वय कुंदन परिहार तथा तरुण बंसल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
श्री भट्ट ने कार्यशाला के दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बताया कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उसी संदर्भ में आगामी चुनाव तैयारियां की दृष्टि से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। जिसमें हाल में घोषित प्रदेश के सभी 70 विधानसभाओं के विस्तारक और 70 विधानसभा प्रभारी सहभागिता कर रहे है। ये सभी कार्यकर्ता चुनाव की दृष्टि से प्रत्येक बूथ स्तर तक भाजपा के संगठन को अभेद्य और मजबूत करने के विशेष मिशन में समर्पित होकर कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय कार्यशाला के माध्यम से सांगठनिक कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य बूथ प्रबंधन को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाना है, ताकि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।
श्री भट्ट ने कहा कि इस दौरान कार्यकर्ताओं को केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व एवं अनुभवी वरिष्ठ नेताओं का अमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। ताकि आने वाले दिनों में वे सभी अपने अपने निर्धारित विधान सभाओं में नेतृत्व द्वारा तय चुनावी रणनीति को अंजाम देने और पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की दिशा में सांगठनिक कार्यों को आगे बढ़ाएं। कार्यशाला की रूपरेखा की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आयोजन के प्रथम दिन केवल विधानसभा विस्तारकों का विशेष प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित