सुपौल , सितंबर 11 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने आज कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ताओं की मेहनत, त्याग और समर्पण है तथा संगठन की मजबूती के पीछे करोड़ों कार्यकर्ताओं का योगदान है।

बिहार भाजपा अध्यक्ष श्री सरावगी दरभंगा से अररिया पहुंचने के दौरान सुपौल जिले के सरायगढ़ में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह और सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

श्री सरावगी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता केवल पदाधिकारी नहीं हैं, बल्कि पार्टी की विचारधारा और संगठन के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने वाले वाहक हैं। कार्यकर्ता चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान के लिए प्रयास करते हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। बिहार में भी भाजपा सरकार जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देकर काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

श्री सरावगी ने कहा कि भाजपा की राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए है। बिहार की जनता ने भाजपा और उसके नेतृत्व पर जो विश्वास जताया है, उसे और मजबूत करने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीमावर्ती जिले अररिया में भाजपा संगठन की भूमिका और भी महत्वपूर्ण है। यहां के कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी है। कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनता का विश्वास इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में संगठन और मजबूत होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित