बारां , मई 2 -- राजस्थान में बारां में कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला स्तरीय बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

जिलाध्यक्ष सिकरवार ने शनिवार को बताया कि जिला बैठक के बाद सभी 20 मंडलों में बैठकें करके प्रदेश द्वारा मांगी गई सूचनाओं की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा।

बैठक में विधायक राधेश्याम बैरवा ने संगठन मजबूती पर जोर देते हुए बूथ एवंं पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति शीघ्र पूर्ण करने और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि "विधायक आपके द्वार" कार्यक्रम चार मई से केरवालिया गांव से शुरू होगा, जिसमें गांव-गांव जाकर जनसुनवाई की जाएगी।

जिला महामंत्री राकेश जैन ने बताया कि बूथ सशक्तीकरण अभियान के तहत तीन एवं चार मई को विभिन्न मंडलों में बैठकें आयोजित करके कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि बैठक में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही और आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित