धार , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश के धार में भारतीय जनता पार्टी की जिला कामकाजी बैठक शनिवार को जिला कार्यालय में इंदौर संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, प्रशिक्षण अभियान, डिजिटल विस्तार तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन किया गया।

बैठक में जिला संगठन प्रभारी सुभाष कोठारी, जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, जिला महामंत्री देवेंद्र सोनोने, राकेश पटेल सहित जिला एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने कहा कि संगठन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक अभियानों में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

संभाग प्रभारी श्री रावत ने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके बूथ कार्यकर्ता हैं और प्रशिक्षण अभियान संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त अनुभव को बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

जिला संगठन प्रभारी सुभाष कोठारी ने बूथ सशक्तिकरण को संगठन की सफलता का आधार बताते हुए आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों के साथ बूथ प्रशिक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए इसे प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा एवं जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी ने दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित