जयपुर , मार्च 28 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर खेल सुविधाओं के विस्तार में अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जयपुर-दिल्ली बाईपास पर चौंप गांव में निर्माणाधीन एवं दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम भाजपा की खेल-विरोधी सोच की भेंट चढ़ गया ।
श्री गहलोत ने शनिवार को अपनी सोशल मीडिया सीरीज 'इंतज़ारशास्त्र' की छठी कड़ी जारी करते हुए वर्तमान भाजपा सरकार पर यह निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार का रवैया न केवल स्वास्थ्य एवं विकास परियोजनाओं के प्रति उपेक्षापूर्ण है, बल्कि खेल सुविधाओं के विस्तार में भी इनकी भारी अरुचि स्पष्ट दिखाई दे रही है। सवा दो साल में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की भी दुर्गति हो गयी है और इसके चुनाव कर नया अध्यक्ष तक नहीं बनाया जा सका है।
उन्होंने कहा कि जयपुर में राजस्थान क्रिकेट अकादमी (आरसीए) के पास अपना स्वयं का अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम न होने की कमी को दूर करने के लिए कांग्रेस सरकार के समय चौंप में दुनिया के तीसरे और देश के दूसरे सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम की योजना बनायी गयी थी। इसका शिलान्यास पांच फरवरी 2022 को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया गया था।
उन्होंने प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले फेज में 45 हजार दर्शकों की क्षमता और दूसरे फेज में इसे बढ़ाकर 75 हजार किया जाना प्रस्तावित था। तय योजना के अनुसार प्रथम चरण का कार्य फरवरी 2024 (24 महीना) तक पूर्ण होना अनिवार्य था। निर्माण शुरू हुए 36 महीने से अधिक बीत जाने और करोड़ों रुपये व्यय होने के बावजूद प्रोजेक्ट अब भी अधर में लटका हुआ है।
उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार विकास कार्यों को गति देने के बजाय उन्हें 'ठंडे बस्ते' में डालने का काम कर रही है।
श्री गहलोत ने कहा कि समय पर प्रोजेक्ट पूरा न होने के कारण निर्माण लागत निरंतर बढ़ती जा रही है, जिसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ अंततः राजस्थान की जनता और खेल प्रेमियों पर ही पड़ेगा। उन्होंने सवाल करते हुए कहा, " क्या भाजपा को राजस्थान का नाम चमकना पसंद नहीं है। जो स्टेडियम प्रदेश का मान पूरी दुनिया में बढ़ाने वाला था, वह अब भाजपा की कार्यशैली के कारण विफलता का प्रतीक बनता जा रहा है।"उन्होंने पुरजोर मांग की है कि सरकार राजनीतिक द्वेष को दरकिनार कर खिलाड़ियों के सपनों को साकार करे और इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का कार्य अविलंब पूरा किया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित