नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस की एक नवंबर को यहां के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली की आलोचना करते हुए इसे सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने वाला कदम करार दिया है।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक नवंबर सिख समुदाय की भावनाओं से जुड़ा दिन है, क्योंकि 1984 में इसी दिन 'नरसंहार' हुआ था। सिख समुदाय इस दिन को बहुत दुख और पीड़ा के साथ याद करता है।
उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक नवंबर को ही दिल्ली में रैली करने पर क्यों अड़े हैं? क्या वह एक नवंबर को रामलीला मैदान में रैली करके सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि यह श्री गांधी का असली चेहरा है।
भाजपा नेता ने कहा कि श्री राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की दुर्भाग्यपूर्ण हत्या के बाद हुए दंगों के संदर्भ में कहा था जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों ने 1984 के दंगों को कम करके दिखाया और उनके लिए जिम्मेदार लोगों को बचाने की हरसंभव कोशिश की। उन्होंने कहा, " मोदी सरकार के सत्ता में आने इन दंगों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की घोषणा की गयी। जिन सिखों की हत्या हुई थी, उनके परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। बाद में कई दोषियों को सजा भी हुई।"श्री प्रसाद ने सवाल किया कि श्री गांधी एक नवंबर को क्या करना चाहते हैं? क्या वह हंगामा, अराजकता या तोड़फोड़ करना चाहते हैं? उन्होंने कहा, "मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में अब तक हुए विरोध प्रदर्शनों में शालीनता की सभी सीमाएं पार की गयी हैं।"उन्होंने बताया कि दिल्ली में व्यापार उद्योग चैंबर ने श्री राहुल गांधी को एक चिट्ठी लिखकर एक नवंबर की रैली को स्थगित करने और व्यापारियों के हित में इसे 10 नवंबर के बाद आयोजित करने पर विचार करने का अनुरोध किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित