चंडीगढ़ , मार्च 17 -- हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतंत्र को कमजोर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद राज्यसभा चुनाव में भी सत्ताबल का दुरुपयोग किया गया।

श्री हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के पास संख्याबल नहीं होने के बावजूद दूसरा उम्मीदवार उतारना यह दर्शाता है कि उसे जनमत और लोकतांत्रिक मूल्यों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर कांग्रेस के वैध वोट रद्द किए गए।

इस दौरान विधायक भारत भूषण बतरा ने भी रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने निष्पक्षता से काम नहीं किया। हालांकि, कांग्रेस विधायकों की एकजुटता के चलते पार्टी उम्मीदवार करमवीर बौद्ध जीत हासिल करने में सफल रहे।

श्री हुड्डा ने बताया कि क्रॉस वोटिंग करने वाले पांच विधायकों के नाम पार्टी हाईकमान को भेज दिए गए हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को जनता भी जवाब देगी।

उन्होंने विधानसभा में चर्चा न होने पर भी नाराजगी जताई और इसे अलोकतांत्रिक करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चर्चा चाहती थी, लेकिन उसे मौका नहीं दिया गया।

श्री हुड्डा ने करमवीर बौद्ध की जीत को दलित, पिछड़े और वंचित वर्ग की जीत बताते हुए इसे कांग्रेस की समावेशी राजनीति का उदाहरण बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित