जोधपुर , मई 22 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र उत्थान और समाज का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि भाजपा का मूल वैचारिक अधिष्ठान केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र उत्थान और समाज सेवा है।

श्री शेखावत शुक्रवार को यहां भाजपा जोधपुर शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में भाग लेकर अपने उद्बोधन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा का मार्ग और लक्ष्य दोनों मूल्य आधारित राजनीति से संचालित होते हैं और पार्टी वोट बैंक की राजनीति के बजाय विकास की राजनीति में विश्वास रखती है और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा का मूल मंत्र सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है। पार्टी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और "राष्ट्र प्रथम" की भावना ही कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती है। श्री शेखावत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति का उत्थान और विकास ही पार्टी की मूल सोच है। भाजपा ने वर्षों तक संघर्ष करते हुए अपनी वैचारिक निष्ठा और मूल्यों को जीवंत रखा है।

उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसके पास सर्वाधिक सांसद और विधायक हैं, लेकिन इसके बावजूद सत्ता पार्टी का अंतिम लक्ष्य नहीं है। हमारा उद्देश्य जनता की सेवा और राष्ट्र निर्माण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय भारत के स्वर्णिम काल का समय है और पार्टी को अपने समर्पित कार्यकर्ताओं पर गर्व है।

श्री शेखावत ने कहा कि लगातार तीन बार बहुमत से सत्ता में आने के बावजूद भाजपा अपने मूल सिद्धांतों और मूल्यों पर दृढ़तापूर्वक कायम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी की नीति, विचारधारा एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। संगठन से निरंतर जुड़ाव व्यक्ति को सीखने, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से धरातल और डिजिटल प्लेटफॉर्म दोनों पर सक्रिय रहकर वैचारिक चुनौतियों का सामना करने का भी आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित