रायपुर , फरवरी 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने की तैयारी में लगी है।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने महाराष्ट्र में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौटने के बाद ये संकेत दिए हैं कि पार्टी शीघ्र ही प्रदेशभर में बड़े स्तर पर "प्रशिक्षण महाअभियान" प्रारंभ करने जा रही है। इस अभियान के तहत मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठित और प्रशिक्षित किया जाएगा।
श्री सिंह ने बुधवार देर रात रायपुर पहुंचने पर मीडिया से चर्चा में बताया कि महाराष्ट्र में आयोजित कार्यशाला में राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों और वरिष्ठ संगठन नेताओं ने राज्य इकाई के लिए विशेष मार्गदर्शन दिया। इस अनुभव के आधार पर अब राज्य में चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान की शुरुआत मंडल स्तर से होगी। प्रत्येक मंडल में वरिष्ठ वक्ता और संगठन के अनुभवी पदाधिकारी पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक संरचना, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन और विचारधारा संबंधी विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। उद्देश्य यह है कि पार्टी का हर कार्यकर्ता आगामी राजनीतिक और सामाजिक दायित्वों के लिए पूरी तरह तैयार रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार के बजट "संकल्प" को विकासोन्मुख बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार का यह बजट राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और बस्तर से सरगुजा तक विभिन्न वर्गों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप प्रदेश सरकार आगे बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित