श्रीगंगानगर , अक्टूबर 14 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी पंचायत राज चुनावों को ध्यान में रखतेहुए श्रीगंगानगर में बुधवार को एक बैठक आयोजित की, जिसमें जीत के लिए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा चुनावों में सफलता हासिल करने के लिए संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पंचायत चुनाव संभाग प्रभारी कैलाश चौधरी ने कहा कि पंचायत राज चुनावों में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना तथा सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी उम्मीदवारों का चयन सर्वेक्षण और व्यापक समन्वय के आधार पर करेगी, ताकि योग्य, कर्मठ, ईमानदार और जनसेवा के प्रति पूरी तरह समर्पित कार्यकर्ताओं को अवसर मिल सके।

पंचायत चुनाव जिला प्रभारी जगबीर सिंह छाबा ने कहा कि संगठन का प्रयास कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने और उन्हें जिम्मेदारियां सौंपने का रहेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ पंचायत राज चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुट जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित