जयपुर , सितंबर 02 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी नौ एवं 11 सितंबर को होने वाले नगर निकाय चुनावों के लिए अपना चुनावी घोषणा पत्र 'नगरीय विकास संकल्प-पत्र 2026' जारी किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, संकल्प पत्र संयोजक व सांसद घनश्याम तिवाड़ी, सांसद मंजू शर्मा, संकल्प पत्र सह संयोजक संतोष अहलावत, सौम्या गुर्जर ने संकल्प पत्र का विमोचन किया।
इस अवसर पर श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा का नगरीय विकास संकल्प-पत्र शहरों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधा संपन्न बनायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा घोषणा पत्र नहीं संकल्प पत्र जारी करती है। घोषणा पत्र सिर्फ घोषणाओं का होता है, जबकि संकल्प पत्र काम करने का संकल्प होता है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2023 में जारी किये संकल्प पत्र में से 78 प्रतिशत वादों को महज 32 महीनों में पूरा कर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा, उसे पूरा करके दिखाया है। अब नगरीय निकायों का संकल्प पत्र जारी कर नगरीय निकायों का कायाकल्प करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत की परिकल्पना हमारे नगरों से होकर निकलती है, ऐसे में नगरीय विकास होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का यह संकल्प-पत्र केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि शहरों की वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आगामी पांच वर्षों के लिए विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है। प्रदेश के 309 स्थानीय निकायों में नगरीय सुविधाओं के विस्तार और आमजन के जीवन को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प-पत्र में अगले पांच वर्षों में शहरों के अलग-अलग आय वर्गों के लिए 'एक लाख आवासीय भूखंड' उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया गया है, वहीं सात लाख से अधिक घरों में पीएनजी कनेक्शन, महिलाओं की सुविधा के लिए दो हजार पिंक टॉयलेट्स' तथा नये एवं बाहरी आवासीय क्षेत्रों में 15 लाख स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानजनक जीवन के लिए 'वरिष्ठ नागरिक सेवा केन्द्र' स्थापित किये जाएंगे। इसके साथ ही पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स, सीएनजी ऑटो एवं टैक्सी चालकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कवर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित