रायपुर , जुलाई 11 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल को विफल बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी में गुटबाजी और अंतर्कलह के कारण वह अपने पूरे कार्यकाल में प्रदेश कांग्रेस की पूर्ण कार्यकारिणी तक गठित नहीं कर पाए।
उज्ज्वल दीपक ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के समर्थन से प्रदेश कांग्रेस की कमान संभालने वाले दीपक बैज का तीन वर्ष का कार्यकाल संगठनात्मक दृष्टि से असफल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर विभिन्न नेताओं के खेमों की खींचतान के कारण संगठन कमजोर होता गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए बैज 10 उपाध्यक्ष, 23 महामंत्री और 252 सदस्यों वाली पूर्ण कार्यकारिणी का गठन नहीं कर सके। उनके अनुसार इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा कमजोर स्थिति में है और गुटबाजी उसके कामकाज पर हावी रही।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित विभिन्न नेताओं के अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने कहा कि इन गुटों के बीच सामंजस्य नहीं बन पाने से संगठन प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित