संगरूर , अप्रैल 2 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय के बाहर हुए हमले के लिए केंद्र सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।
मुख्यमंत्री ने चीमा गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करने के अवसर पर मीडिया से बातचीत में कहा कि जिम्मेदारी पूरी तरह से केंद्र सरकार की है और यदि इस घटना का ठीकरा उन पर फोड़ने की कोशिश की जा रही है, तो केंद्र को अपनी जिम्मेदारी से भागने के बजाय चंडीगढ़ को पंजाब सरकार के हवाले कर देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र के नियंत्रण वाला केंद्र शासित प्रदेश राजनीतिक दोषारोपण का सुविधाजनक मैदान नहीं बन सकता। शासन के मॉडलों के बीच अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि पंजाब की'आप' सरकार लोगों पर वित्तीय बोझ कम कर रही है, जबकि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता पर अन्यायपूर्ण 'एंट्री टैक्स' लगा रही है। उन्होंने इस कदम को जनविरोधी बताते हुए हर स्तर पर कड़े विरोध का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित