निवाड़ी , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी ओरछा में चल रहे भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में कांग्रेस के इस विरोध की भर्त्सना की गई। प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने प्रेसवार्ता में बताया कि भाजपा सरकार ने बुंदेलखंड के कायाकल्प के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना शुरू की, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव में बुंदेलखंड के विकास के साथ किसान, महिला, युवा, जनजातीय वर्ग, उद्योग और रोजगार सहित समाज के हर वर्ग के लिए विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया गया है।

श्री कोठारी ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक के बाद मीडिया सेंटर में पत्रकारवार्ता में कहा कि ओरछा में आयोजित कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया गया, जिसमें बुंदेलखंड के विकास, जनजातीय वर्ग के उत्थान, युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्योगों के विकास और रोजगार सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर प्रस्ताव को समर्थन दिया गया।

उन्होंने बताया कि जनजातीय वर्ग से संबंधित प्रस्ताव का समर्थन राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने किया। औद्योगिक विकास एवं रोजगार से जुड़े प्रस्ताव का समर्थन उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, किसानों से जुड़े प्रस्ताव का समर्थन राज्यसभा सांसद एवं किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर, महिलाओं से जुड़े प्रस्ताव का समर्थन वरिष्ठ विधायक अर्चना चिटनिस तथा युवाओं से जुड़े प्रस्ताव का समर्थन विधायक अभिलाष पांडेय एवं वैभव पंवार ने किया।

कार्यसमिति की शुरुआत भाजपा के ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना।

श्री कोठारी ने कहा कि भगवान श्री रामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा से प्रदेश कार्यसमिति ने सेवा, सुशासन, समरसता और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति की बैठक केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि सुशासन, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को मजबूत करने वाली है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव सरकार की उपलब्धियों का दस्तावेज मात्र नहीं, बल्कि आने वाले समय के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का दिशा-पत्र है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, तपस्या और सुशासन का अभिनंदन किया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत, आर्थिक प्रगति, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, स्वास्थ्य सुविधाएं, औद्योगिक निवेश और मध्यप्रदेश के समग्र विकास को प्रस्ताव में प्रमुखता दी गई है।

श्री कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवा काल में भारत ने सेवा और सुशासन को विकास का आधार बनाकर वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि देश के 22 राज्यों में भाजपा एवं सहयोगी दलों की सरकारें हैं, जो कार्यकर्ताओं के त्याग, परिश्रम और वैचारिक समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और कार्यकाल पर प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के समय से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल तक की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। गुजरात में विकास और औद्योगिक विकास के कार्यों से लेकर वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है।

इसी तरह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में मध्यप्रदेश में किए गए विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल में संगठन के स्तर पर की गई नई पहलों को भी प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

श्री कोठारी ने कहा कि बुंदेलखंड का विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में है। केन-बेतवा लिंक परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और विकास को गति मिलेगी तथा बुंदेलखंड के कायाकल्प का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस महत्वपूर्ण परियोजना का विरोध किया, जबकि भाजपा हर वर्ग के विकास और 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' की भावना के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी कारण कांग्रेस के विरोध की राजनीतिक प्रस्ताव में भर्त्सना की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष आगामी सात अक्टूबर को पूर्ण होने जा रहे हैं। इस अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित और युवाओं से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

श्री कोठारी ने कहा कि भाजपा सरकार जल संरक्षण को भी जनभागीदारी का अभियान बना रही है। प्रदेश में 10,514 करोड़ रुपये की लागत से 3.63 लाख से अधिक जल संरक्षण कार्य पूर्ण किए गए हैं। उन्होंने बताया कि करीब 3.98 लाख गौवंश का गौशालाओं में संरक्षण किया जा रहा है तथा गौवंश के लिए आहार सहायता राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये की गई है।

उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण भाजपा सरकार की प्राथमिकता है और राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से संगठन ने समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास, सेवा और सुशासन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित