जयपुर , मई 26 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा संगठन की विचारधारा, सेवा, सुशासन और "राष्ट्र प्रथम" के संकल्प को अंतिम पंक्ति में बैठे प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया हैं।

श्रीमती दिया कुमारी मंगलवार को जयपुर देहात दक्षिण भाजपा द्वारा पदमपुरा में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने पर सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को जागरूक और सक्रिय रहकर कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को स्वयं भी योजनाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

कार्यक्रम में जयपुर देहात दक्षिण जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर, चाकसू विधायक रामवतार जी बैरवा, जिला प्रमुख रमा चौपड़ा तथा अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित