जयपुर , अक्टूबर 26 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय से चौमूं हाउस सर्किल तक कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्री खरगे का पुतला जलाया और कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी मुर्दाबाद, प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, राहुल गांधी माफी मांगो जैसे नारे लगाए। इससे पहले भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय से कांग्रेस कार्यालय की ओर रवाना हुए, पुलिस ने चौमूं हाउस सर्किल पर बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोक दिया।

इस अवसर पर श्री बगड़ी ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल असभ्यता की पराकाष्ठा है। लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने के लिए तर्क, संवाद और विचारों की लड़ाई का रास्ता अपनाया जाना चाहिए, न कि व्यक्तिगत कटाक्ष और अपमानजनक टिप्पणियों का। उन्होंने कहा कि श्री खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री के लिए 'मोदी का बाप भी जाएगा, जैसे अपशब्दों का इस्तेमाल करना बेहद ही शर्मनाक है। कांग्रेस नेताओं के बयान उनकी राजनीतिक हताशा और बौखलाहट को दर्शाते हैं। जनादेश लगातार कांग्रेस के हाथों से खिसक रहा है और पार्टी आंतरिक कलह से जूझ रही है, जिसके कारण उसके नेता राजनीतिक मर्यादाओं को ताक पर रख रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित