वाराणसी , मई 27 -- वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयानों के बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला दहन किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप है कि उन्होंने जिला मुख्यालय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के चित्र जलाए। इस मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर कैंट थाने में अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) वाराणसी के कोषाध्यक्ष सुयश कुमार अग्रवाल ने कहा कि सार्वजनिक रूप से संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के चित्र जलाना अनुचित और असंवैधानिक गतिविधि है। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के मुताबिक घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान का प्रयास जारी है। अधिकारियों ने कहा है कि पहचान होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित