बेमेतरा , अक्टूबर 30 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव गुरुदयाल बंजारे के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। भाजपा नेताओं की शिकायत पर बेमेतरा कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के देवरा-बीजा में 24 अक्टूबर को विद्युत विभाग के कार्यालय का घेराव करने के बाद कांग्रेस की ओर से एक आमसभा आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे सहित अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया तथा सभा को संबोधित किया।

आरोप है कि सभा के दौरान पूर्व संसदीय सचिव गुरुदयाल बंजारे ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें "अंग्रेजों की औलाद" कहा। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भी कथित तौर पर विवादास्पद टिप्पणियां कीं। उनके संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद राजनीतिक हलकों में विवाद उत्पन्न हो गया।

बताया गया है कि पिछले चार दिनों से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर प्रसारित हो रहा था। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बंजारे के बयान पर आपत्ति जताई तथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

इस मामले को लेकर भाजपा की जिला कोर कमेटी की बैठक में चर्चा की गई, जिसमें पुलिस से औपचारिक शिकायत करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद जिला भाजपा अध्यक्ष अजय साहू के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपने के साथ ही सभा में दिए गए भाषण की वीडियो क्लिपिंग भी उपलब्ध कराई। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच से पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणियां आपत्तिजनक हैं। उन्होंने मामले में संबंधित नेता के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित