जयपुर , अप्रैल 01 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर उदयपुर कन्हैयालाल हत्याकांड मामले पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इस मामले के दोनों आरोपी भाजपा कार्यकर्ता थे, इसलिए वह इनको सजा नहीं होने दे रही है।
श्री गहलोत ने बुधवार को अपने बयान में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है कि उदयपुर के श्री कन्हैयालाल के परिवार को भाजपा सरकार से न्याय के लिए गुहार लगानी पड़ रही है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विधानसभा चुनाव के समय जनता में भ्रम फैलाया कि राजस्थान सरकार ने स्पेशल कोर्ट नहीं बनाया, जबकि यह मुकदमा शुरू से ही केन्द्रीय जांच एजेंसी एनआईए के पास है और यह एनआईए की स्पेशल कोर्ट में ही चल रहा है।
उन्होंने कहा "श्री शाह भाजपा की राजस्थान में सरकार बने सवा दो साल हो चुके हैं। आपकी सरकार ने अभी तक इस मामले में वह स्पेशल कोर्ट क्यों नहीं बनाया है, जिसका आरोप आप कांग्रेस सरकार पर लगा रहे थे।"उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस मामले पर केवल राजनीति की है। अगर भाजपा सरकार चाहती तो इस मुकदमे की रोजाना सुनवाई करवाती और अभी तक दोषियों को सजा हो जाती, परन्तु अभी तक भाजपा सरकार की एनआईए 160 गवाहों में से 40 गवाहों की गवाही तक नहीं करवा सकी है।
श्री गहलोत ने कहा कि श्री कन्हैयालाल के दोनों हत्यारे भाजपा के कार्यकर्ता थे, इसलिए भाजपा इनको सजा नहीं होने दे रही है। एक तरफ पूरे देश में सांप्रदायिकता का माहौल बना हुआ है वहीं भाजपा इतने संगीन मामले में अपराधियों को अभी तक सजा दिलाने में विफल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित