पटना , जून 05 -- सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शुक्रवार को बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव तथा एक उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भोजपुरी फिल्म अभिनेता पवन सिंह समेत चार उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जबकि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार सहित चार प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं।
ध्यान देने की बात है कि राजग के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा( रालोमो) के नेता तथा राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र एवं प्रदेश के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का नाम दोनों ही सूची से गायब है। दीपक प्रकाश राज्य विधानसभा या विधान परिषद, किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। उन्हें 20 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बनाया गया था और 7 मई 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी नई सरकार के गठन के बाद उन्हें पुनः मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी।
संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति विधायक या विधान पार्षद हुए बिना मंत्री बनाया जाता है तो उसे छह माह के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य निर्वाचित या मनोनीत होना आवश्यक है।
इस माह विधान परिषद की नौ सीटें रिक्त हो रही हैं और 18 जून को मतदान प्रस्तावित है। राजनीतिक हलकों में इस बात के कयास लगाये जा रहे थे कि भाजपा दीपक प्रकाश को इनमें से किसी एक सीट से उम्मीदवार बनाएगी, लेकिन पार्टी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी सूची के अनुसार पवन सिंह, संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित