देवरिया, नवम्बर 28 -- कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को यहां आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) और चुनाव आयोग मिलकर देश से लोकतंत्र को समाप्त करना चाहते हैं। इसी के विरोध में कांग्रेस 14 दिसम्बर को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने जा रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री राय उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रूद्रपुर क्षेत्र के ग्राम बनियापुर,मांझा नारायण गांव में बीएलओ रंजू दुबे की दुखद मृत्यु के बाद आज उनके परिजनों से मिलने के बाद पत्रकारों से सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर काम के दबाव और मानसिक दबाव के कारण मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों की दुखद मौतें हुई हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अभी कोई चुनाव नहीं है। लेकिन इतनी जल्दबाजी भारत निर्वाचन आयोग और सरकार क्यों कर रही है कि काम के दबाव में कर्मचारियों की मौत हो रही है। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग जिस तरह से कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रहा है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान केवल देवरिया के ही नहीं, बल्कि कई अन्य कर्मचारियों ने भी अपनी जान गंवाई है, इसके बावजूद सरकार और निर्वाचन आयोग गंभीर नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह से भाजपा मौजूदा राजनीतिक स्थिति को अपने पक्ष में करने के लिए वोट चोरी कर रही है, वह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि इसी को देखते हुए 14 दिसम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली आयोजित की जा रही है। जिसमें देश भर से लोगों के आने की उम्मीद है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता पुनरीक्षण की आड़ में मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। ऐसा करके भाजपा राजनीति में मौजूद अपने लिए सभी अवरोधों को समाप्त कर देना चाहती है। लेकिन हम कांग्रेस के लोग ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित