प्रयागराज , अक्टूबर 07 -- उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच नेताओं के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचने के सिलसिले में प्रयागराज के भाजपा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सुरेंद्र चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में वह ग्रामीण क्षेत्र में किसानों के घर पहुंचकर धान की मड़ाई करते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में श्री चौधरी कुर्ता, सदरी और जूते पहने तथा गले में भगवा गमछा डाले किसानों के साथ धान की मड़ाई में हिस्सा लेते नजर आ रहे हैं। वह किसानों से बातचीत करते हुए फसल से जुड़े काम में भी हाथ बंटा रहे हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है और इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे चुनावी गतिविधियों से जोड़कर टिप्पणी की है, जबकि कुछ ने किसान के साथ जमीन पर काम करने को लेकर प्रतिक्रिया दी है। कुछ उपयोगकर्ताओं ने यह भी कहा कि किसानों के साथ मड़ाई करते समय जूते और सूट-बूट उतार लेने चाहिए। ये प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं की व्यक्तिगत टिप्पणियां हैं।

इससे पहले समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज का भी धान की रोपाई करते हुए वीडियो सामने आया था। उस वीडियो पर भी सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आई थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित