देहरादून , अक्तूबर 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार राम ने रविवार को पटेल नगर के बूथ संख्या 69, विधानसभा- 21, देहरादून कैंट के अंतर्गत रविवार को उत्तराखंड के देहरादून में पटेल नगर स्थित वाल्मीकि धर्मशाला के प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" का सामूहिक श्रवण किया। उनके साथ उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट ने भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उपरांत श्री शिवेश और श्री भट्ट ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस दौरान संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर अनुसूचित मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का "मन की बात" कार्यक्रम केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि देश की जनता से सीधे जुड़ने, समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देशवासियों के समक्ष प्रेरणादायी व्यक्तित्वों, सामाजिक कार्यों, नवाचारों, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्रस्तुत करते हैं। यह कार्यक्रम समाज के प्रत्येक वर्ग को देश की प्रगति में सहभागी बनने की प्रेरणा देता है।

भाजप प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, वंचितों, शोषितों, अनुसूचित जाति समाज और अन्य जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के विद्यार्थियों की शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की सराहना क़ी है।

कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री बलवीर घुनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा, सुशासन, सामाजिक न्याय और विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रयासरत है। केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण तथा जरूरतमंद परिवारों के कल्याण विकास कार्यों में गति मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित