नयी दिल्ली , सितंबर 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 सितंबर से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर होंगे और इस दौरान वह पार्टी के सांगठनिक ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे ।
पार्टी की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री नवीन उत्तराखंड प्रवास के दौरान युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करेंगे तथा पूर्व सैनिकों एवं पंजाबी समुदाय द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वह उत्तराखंड प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों एवं कोर कमिटी के साथ बैठक भी करेंगे।
पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष को उत्तराखंड विधानसभा के चुनावों की रणनीतिक तैयारियों की दृष्टि से इस दौरे को विशेष रूप से ले रही है। पार्टी ने बताया कि श्री नवीन बुधवार दिन में डेढ़ बजे नैनीताल पहुंचेंगे। वह 3:00 बजे हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे तथा 5:00 बजे हल्द्वानी में ही प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और प्रदेश कोर समिति की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान वे प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के साथ आगामी चुनावी रणनीति, संगठनात्मक विषयों तथा समसामयिक राजनीतिक परिदृश्य की गहन समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
दूसरे दिन वह सुबह 9:30 बजे हल्द्वानी में महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन पूजन करके 10:30 बजे वे हल्द्वानी में 'युवा संवाद' कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। दोपहर 12:00 बजे नवीन हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर भारत माता के वीर सपूतों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन करेंगे और 12:15 बजे वे 'पूर्व सैनिक सम्मेलन' में भाग लेंगे।
दोपहर 2:30 बजे वह रुद्रपुर में आयोजित 'पंजाबी गौरव सम्मेलन' को संबोधित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित