देहरादून , सितम्बर 03 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में आठ अगस्त को जनसभा करने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कुमाऊँ की इस सरजमीं पर उत्तराखंड प्रदेश कार्यसमिति, पदाधिकारी और कोर कमेटी की बैठक लेंगे। नौ सितम्बर को दो दिवसीय दौरे पर आ रहे भाजपा अध्यक्ष यहां पूर्व सैनिक एवं सिख सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने गुरुवार को जानकारी देते हुए कहा कि नौ सितम्बर को हल्द्वानी में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मार्गदर्शन देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष हल्द्वानी अपने दो दिवसीय प्रवास पर पहुंच रहे हैं। वह रामपुर रोड स्थित होटल विंटेज ग्रीन में सबसे पहले प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। तदुपरांत, वह प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे और सांगठनिक कार्यक्रमों एवं चुनावी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश देंगे।
उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को श्री नबीन प्रातः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को लेकर चलाये जा रहे "सेवा संकल्प अभियान" की अहम बैठक लेंगे। जिसके बाद प्रदेश कोर कमेटी की बैठक को संबोधित कर चुनावी रणनीति पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे। इसी दिन मध्याह्न वह पूर्व सैनिक सम्मेलन एवं अपराह्न सिख गौरव सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित