देहरादून , मई 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को 30 मई शनिवार तक उत्तराखंड के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण संगठनात्मक प्रवास पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, प्रबुद्धजनों, युवाओं तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे और राज्य में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
अपने प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सहभागिता करेंगे तथा संत समाज के साथ संवाद करेंगे।
श्री नवीन आज अपराह्न जॉलीग्रांट हवाई अड्डे, देहरादून पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे बलबीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। प्रदेश कार्यालय पहुंचने के पश्चात वे प्रदेश भाजपा कोर कमेटी और उसके बाद राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। अपने प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार, वह सुबह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुबह वे प्रातः 9:45 बजे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भुवन चंद खंडूरी के वसंत विहार स्थित आवास जाएंगे एवं परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदना प्रकट करेंगे।
शुक्रवार सुबह 11:00 बजे से श्री नवीन लगातार संगठनात्मक बैठकें करेंगे। वे प्रदेश के भाजपा सांसदों और विधायकों, फिर प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे स्थानीय निकाय के भाजपा जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा करेंगे। वह शाम 6:15 बजे ऋषिकेश में मां गंगा आरती में सम्मिलित होंगे। इसके पश्चात वे परमार्थ निकेतन में साधु-संतों के साथ संवाद करेंगे।
अपने प्रवास के अन्तिम दिन शनिवार, 30 मई को श्री नितिन प्रातः 8:10 बजे देहरादून के टपकेश्वर मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद भाजपा के बूथ अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। इस कड़ी में वे सुबह गढ़ी कैंट की टपकेश्वर कॉलोनी में बूथ क्रमांक 141 के बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे डकरा बाजार में बूथ क्रमांक 138 के बूथ अध्यक्ष राजेश कुमार भंडारी के आवास पर पहुंचेंगे और शहीद दुर्गामल्ल मंडल की बूथ समिति की बैठक करेंगे। इसके बाद प्रातः 11:00 बजे श्री नवीन शिग्नीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में "विकसित भारत 2047 : उच्च शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका" विषय पर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। तत्पश्चात, वे दोपहर 2:00 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं के साथ संवाद कर विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए पूरी राजधानी को बैनर, पोस्टरों से सजाया गया है। साथ ही, सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित