लखनऊ , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश की सियासत के लिहाज से बुधवार की शाम अहम रही। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के बीच लखनऊ में महत्वपूर्ण बैठक हुई।
करीब आधे घंटे से अधिक चली इस मुलाकात को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव, मंत्रिमंडल विस्तार, सरकार और संगठन के बीच समन्वय, उत्तर प्रदेश में चल रहे एसआईआर अभियान और यूजीसी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि बैठक की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह मुलाकात लखनऊ के निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में बुधवार शाम करीब 8 बजे हुई। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मोहन भागवत क्षेत्र और प्रांतवार प्रवास पर हैं और विभिन्न वर्गों से संवाद कर रहे हैं। गोरखपुर के बाद वह अवध प्रांत के लखनऊ महानगर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संघ प्रमुख से मुलाकात अयोध्या में राम मंदिर के धर्म ध्वजा समारोह के दौरान हुई थी। उस समय भी दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक चर्चा हुई थी, हालांकि बातचीत के बिंदु सार्वजनिक नहीं किए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित