बिहार बाढ़ राहत कार्यभागलपुर , सितंबर 13 -- बिहार में भागलपुर की जिलाधिकारी (डीएम) अलंकृता पांडेय ने बताया कि जिले के 15 प्रखंडों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और विभिन्न तटबंधों की सुरक्षा के साथ प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
श्रीमती पांडेय ने रविवार को यहां बताया कि गंगा और कोसी नदियों में आई बाढ़ से जिले के 15 प्रखंडों की 114 पंचायतों एवं 456 गांवों में कुल दो लाख 10 हजार 219 परिवारों की लगभग नौ लाख 15 हजार 781 आबादी प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में अब तक 73 हजार 90 परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई गई है और 24 हजार 812 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में 123 नावों के माध्यम से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री के वितरण के तहत 24 हजार 899 पॉलीथीन शीट, 944.43 क्विंटल पशु चारा, दो ड्राई फूड पैकेट तथा अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए 114 चिकित्सा दलों की तैनाती की गई है, जिनके माध्यम से अब तक 41 हजार 826 लोगों का उपचार किया गया है।
श्रीमती पांडेय ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई का संचालन भी किया जा रहा है। वर्तमान में 337 सामुदायिक रसोई केंद्रों के माध्यम से लगभग 37 लाख आठ हजार 315 लोगों को तैयार भोजन उपलब्ध कराया गया है। इसके अतिरिक्त सात राहत शिविरों में 8,555 लोगों का पंजीकरण किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित सभी पदाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा प्रभावित परिवारों तक समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। आदेश की अवहेलना करने वाले किसी भी पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित