भागलपुर , जून 08 -- बिहार में भागलपुर जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत बैंक कॉलोनी स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसद अजय कुमार मंडल के आवासीय कार्यालय में अपराधियों ने चोरी की है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि अपराधियों ने सेंधमारी कर कार्यालय से कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरे के उपकरण एवं कुछ महत्वपूर्ण कागजात चुरा लिए। घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। टीम द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में सांसद के अंगरक्षक के बयान पर स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से पूरे मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित