भागलपुर , अक्टूबर 24 -- बिहार में भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में आज पुलिस ने चोरी के 150 मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।भागलपुर के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन ने शनिवार को यहां बताया कि कहलगांव क्षेत्र में कुछ अपराधियों द्वारा भारी मात्रा में चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री कर उसे बंगलादेश में भेजने की योजना बनाने की सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन एवं कहलगांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी - एक दिलीप कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी तथा वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की।

उन्होंने बताया कि इस दौरान विभिन्न कंपनियों के 150 मोबाइल फोन, 25 चार्जर, 6 टेबलेट, 25 सिम कार्ड सहित कई इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है। मौके पर से इस गिरोह के तीन अपराधियों को दबोच लिया गया है। उन तीनों की पहचान प्रभाकर कुमार,नेहा कुमारी एवं अवनीश कुमार के रुप में हुई है और सभी कहलगांव क्षेत्र का रहने वाला है।ये लोग भागलपुर, जमालपुर झारखंड के साहेबगंज जिले में चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री कर तस्करी करते थे।

श्री रंजन ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों से प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि चोरी के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ तीनों ट्रेन से बंगलादेश जाकर वहां के मोबाइल फोन की तस्करी करने वाले गिरोह तक पहुंचाने की योजना थी,लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर इसे विफल कर दिया है।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस तीनों से कड़ी पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।उन्होंने बताया की सुसंगत धाराओं में तीनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित