भागलपुर, मार्च 19 -- बिहार में भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र में गुरूवार को राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संयुक्त रुप से अंतर जिला ट्रेन लुटेरे गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य का सोने-चांदी का जेवरात बरामद किया है।
जमालपुर के रेल पुलिस अधीक्षक विधा सागर ने गुरुवार को बताया कि भागलपुर से हावड़ा रूट की ट्रेनों में लगातार हो रही चोरी और लूट की शिकायतों के मद्देनजर गठित एक विशेष टीम ने जांच के दौरान एक संदिग्ध संजय यादव को पकड़ा गया और कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके निशानदेही पर भागलपुर स्थित राजकीय रेलवे पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में एक किराए के मकान पर छापेमारी की। उन्होंने बताया कि इस दौरान विशेष टीम ने घर के अंदर बने एक गुप्त तहखाने से बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद किया। झोले में बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण छिपाए गए थे। बरामदगी में 13 सोने के कंगन, पांच चैन, छह लॉकेट चेन, दो मोती माला, सोने की चूड़ी, मांग टीका, चांदी के पायल और जितिया सहित कई कीमती आभूषण शामिल हैं।
श्री सागर ने बताया कि मौके पर से पकड़े गए पलटू मंडल के पास से विदेशी मुद्रा भी मिली, जिसमें अमेरिकन डालर, मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया के डॉलर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ये सभी आभूषण विगत तीन वर्षों के दौरान विभिन्न ट्रेनों में की गई लूट और चोरी की वारदातों से जुड़े हैं। पकड़ा गया दोनोंआरोपी संजय यादव (मुंगेर जिला) और पलटू मंडल(खगड़िया) विगत तीन साल से रेल यात्रियों को अपना शिकार बना रहा था।
रेल पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और सरगनाओं के नाम सामने आ चुके हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। बरामद जेवरात कानूनी प्रक्रिया के तहत पीड़ित रेल यात्रियों को लौटाने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि रेलवे को अपराध मुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित