भागलपुर, सितंबर 15 -- िहार में भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र में तीन दिन पूर्व स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता उमा भूषण उर्फ पप्पू तांती की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आज तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने मंगलवार को यहां बताया कि इस हत्याकांड के नामजद अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग पुलिस की विशेष टीम द्वारा विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और इस कड़ी में मंगलवार को फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त शशि मोदी का सहयोगी अमित राज, लवीश आनंद एवं सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया अमित राज शशि मोदी का रिश्तेदार है और मुंगेर जिले के नयारामनगर थाना क्षेत्र के पाटम गांव का रहने वाला है।उन्होंने बताया कि पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमों द्वारा की जा रही लगातार छापेमारी और गिरफ्तारी के लिये बनाये जा रहे दबाब के चलते इस मामले का मुख्य अभियुक्त स्थानीय भाजपा नेता शशि मोदी ने आज न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। जबकि इस घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम विभिन्न क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी एवं दबिश की कार्रवाई कर रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त शशि मोदी की पत्नी एवं नगर निगम की पार्षद दीपिका कुमारी को कल गिरफ्तार किया जा चुका है। उसपर इस घटना का षड्यंत्र रचने और मृतक के परिजनों को लगातार धमकी देने का आरोप लगाया गया था। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर इस मामले का अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है और फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी बहुत जल्द होगी।
उल्लेखनीय है कि बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज बाजार में विगत 11सितंबर को मोटरसाइकिल सवार कुछ अपराधियों ने भाजपा)के श्रीनारायण नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष उमा भूषण उर्फ पप्पू तांती की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
वहीं इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल और मृतक के घर पर जाकर मामले की पूरी जानकारी ली थी। बाद में मृतक के भाई के लिखित बयान पर पुलिस ने कुतुबगंज निवासी भाजपा नेता शशि मोदी और उनके रिश्तेदारों एवं सहयोगियों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। सभी अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस की तीन अलग-अलग विशेष टीमें बनाई थी।
इस बीच स्थानीय भाजपा विधायक रोहित पांडेय, जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष कुमार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने मृत भाजपा नेता के परिजनों से मिलने के बाद इस हत्याकांड में शामिल सभी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग वरीय पुलिस अधिकारियों से की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित