भागलपुर, सितंबर 01 -- िहार में भागलपुर जिले के खरीक अंचल में गंगा के पानी के तेज प्रवाह से काजीकोरेया - राघोपुर मार्जिनल बाँध पर लगातार कटाव होने के कारण जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग अलर्ट हो गया है।आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि खरीक अंचल के राघोपुर गांव के पास गंगा के किनारे बांयी ओर अवस्थित काजीकोरैया - राघोपुर मार्जिनल बाँध पर पिछले एक महीने से अधिक समय से गंगा के पानी के तेज प्रवाह से हो रहे भीषण कटाव को नियंत्रित करने एवं बाँध की सुरक्षा के लिए युद्धस्तर पर सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि गंगा के मुख्य चैनल में भारी मात्रा में गाद (सिल्ट) जमा होने के कारण नदी की तेज धारा के बायें किनारे के इस बांध पर पानी के दबाव से विगत दिनों उक्त बांध क्षतिग्रस्त हो गया था और राघोपुर गांव के पांच वार्डो में पानी घुस चुका था। पानी का दबाव अब बाँध की दूसरी सुरक्षा पंक्ति यानी कि रिंग बाँध, पर भी बना हुआ है। जिससे गंगा के पानी का प्रवाह आबादी के निकटवर्ती क्षेत्र की ओर दबाव बना रहा है।

सूत्रों ने बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा उक्त बाँध की सुरक्षा एवं आगे के कटाव को नियंत्रित करने के लिए सभी आवश्यक एवं संभावित उपाय किए जा रहे हैं। कार्यस्थल पर पर्याप्त संख्या में अभियंताओं के साथ 450 से अधिक श्रमिकों की तैनाती की गई है। साथ ही, 200 से अधिक ट्रैक्टर, जेसीबी सहित अन्य आवश्यक मशीनरी तथा 2,800 से अधिक मेगा जियोबैग्स की सहायता से युद्धस्तर पर अहर्निश बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराया जा रहा है। विभागीय वरीय पदाधिकारियों द्वारा स्थल पर किए जा रहे कार्यों का सतत एवं सूक्ष्म पर्यवेक्षण किया जा रहा है तथा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि एहतियाती उपाय के रूप में जिला प्रशासन को सार्वजनिक उद्घोषणा (माइकिंग) कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर संभावित प्रभावित आबादी को सावधानीपूर्वक सुरक्षित स्थान पर निकालने की तैयारी रखने के लिए अलर्ट किया गया है। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित