भागलपुर, मार्च 27 -- बिहार में भागलपुर जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार को दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने आज यहां बताया कि इस क्षेत्र के नबिया तालाब इलाके में कुछ अपराधियों के एक बड़ी घटना को अंजाम देने के लिये हथियार के साथ एकत्र होने की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी - दो की अगुवाई में गठित जिला पुलिस और विशेष सुरक्षा बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने उक्त इलाके में छापेमारी की।
श्री यादव ने बताया कि इस दौरान टीम ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक मैगजीन, 20 कारतूस, एक मोटरसाइकिल और पांच हजार पांच सौ रुपया बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान जिले के खरीक थाना क्षेत्र निवासी दिलखुश कुमार एवं प्रिन्स कुमार के रुप में की गयी हैवरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए दोनों अपराधियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और दोनों के विरुद्ध दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी ली जा रही है। दोनों अपराधियों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरु कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित