भागलपुर , अप्रैल 15 -- बिहार में भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क दुघर्टना में दो महिलाओं की मौत हो गई, तथा छह घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि इस क्षेत्र के मिल्की गांव के करीब 12 लोग नवगछिया स्टेशन से पिकअप 407 से अपने गांव जा रहे थे, तभी रास्ते में विशु रावत पुल पर पीछे से तेज रफ्तार एक वाहन ने पिकअप में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में आठ लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को नवगछिया के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कारी देवी (55) एवं संजो देवी (60) के रुप हुई है। दोनों मिल्की गांव की रहने वाली थी।
सूत्रों ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सकों ने गंभीर रुप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है। हादसे के बाद पिकअप गाड़ी का चालक फरार हो गया है। इस सिलसिले में पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित