भागलपुर, जुलाई 19 -- िहार के भागलपुर जिले में राज्य सरकार की गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक विद्यालयी शिक्षा योजना के तहत आज 17 सरस्वती विद्या निकेतन (माॅडल स्कूल) का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बेगूसराय में एक कार्यक्रम से जिले के 17 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से किया। इस योजना के अंतर्गत भागलपुर जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक मॉडल स्कूल का चयन किया गया है, जिससे जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

इस अवसर पर जिले के सभी 17 माॅडल स्कूलों में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल की सराहना की गई।

इस दौरान जिले के जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी गांव में स्थापित माॅडल स्कूल का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्थापित किए जा रहे मॉडल स्कूल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धति तथा समग्र व्यक्तित्व विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक संसाधन, तकनीक आधारित शिक्षण, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है तथा मॉडल स्कूल इस दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।

श्रीमती पांडेय ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की तथा शिक्षकों का आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों का भी विकास करे।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के सभी 17 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित होंगे तथा नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मौके पर वरीय उप समाहर्ता अंकिता चौधरी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित