भागलपुर, फरवरी 14 -- बिहार में भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र से पुलिस ने शनिवार को हथियार और नगदी रुपए के साथ एक महिला अपराधी को गिरफ्तार किया है। भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने आज यहां बताया कि इस क्षेत्र के लैलख गांव में एक महिला अपराधी द्वारा अपने पति के साथ कोई बड़ी अपराध को अंजाम देने के लिए अपने घर में कुछ अवैध हथियार को छिपाकर रखने की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि व्यवस्था) के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने उक्त गांव में महिला अपराधी के घर पर छापा मारा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान पकड़ी गई महिला अपराधी की पहचान मीना देवी के रुप में हुई है और उसके पास से एक देशी कट्टा, एक देशी मास्केट, 62 कारतूस, चार लाख बीस हजार रुपए नगद तथा 1.875 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के क्रम में उक्त महिला अपराधी ने आपराधिक मामले में अपने पति जनकलाल मंडल की संलिप्तता की बात स्वीकार की है। फरार पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।इस सिलसिले में उक्त महिला अपराधी और उसके पति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित