भागलपुर , मार्च 06 -- होली पर्व के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुये पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने प्रमुख स्टेशनों पर विशेष भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू की है।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को भागलपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों के लिये की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर यात्रियों की आवाजाही, सुरक्षा और सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ट्रेन संख्या 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे यात्रियों से भी बातचीत की और स्टेशन पर बोर्डिंग व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री गुप्ता ने बताया कि हर वर्ष होली के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यस्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और निवास स्थानों की ओर लौटते हैं। दिल्ली, मुंबई, गुजरात समेत देश के विभिन्न शहरों के लिये यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुये मालदा मंडल के भागलपुर, मालदा टाउन, जमालपुर समेत प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुविधा के लिये विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने यात्रियों को टिकट बुकिंग और अन्य रेल सेवाओं के लिये 'रेलवन' मोबाइल ऐप का उपयोग करने के लिये भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस ऐप के माध्यम से यात्री बुकिंग काउंटरों पर लंबी कतारों से बचते हुये अपने स्मार्टफोन से ही आसानी से टिकट बुकिंग और अन्य रेल सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि भागलपुर स्टेशन परिसर में भविष्य में एक स्थायी होल्डिंग एरिया के निर्माण की भी योजना बनाई जा रही है। इसके लिये संभावित स्थल का अवलोकन किया गया है, जिससे व्यस्त समय में यात्रियों की आवाजाही को और अधिक व्यवस्थित तरीके से प्रबंधित किया जा सके।
इस मौके पर उन्होंने यात्रियों से रेल यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपील की और किसी भी संदिग्ध या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) या रेलवे कर्मचारियों को देने को कहा, जिससे सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वयक) नीरज कुमार वर्मा और मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह समेत अन्य रेलवे अधिकारी भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित