भागलपुर , जुलाई 31 -- पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के भागलपुर - जमालपुर रेल खंड पर शुक्रवार को रेल प्रशासन की ओर से चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान में कुल 372 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया है।
मालदा मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह ने आज यहां बताया कि इस रेलखंड के सुल्तानगंज स्टेशन पर श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और बेटिकट यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए आज भागलपुर और सुल्तानगंज स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से टिकट निरीक्षकों एवं वाणिज्य कर्मियों की ओर से विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
श्री सिंह ने बताया कि इस दरम्यान दोनों स्टेशनों के सभी प्लेटफार्मों पर टिकट जांच के साथ भागलपुर- लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, पटना-दुमका एक्सप्रेस, मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस और इस रेलखंड से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों में टिकट जांच कर कुल 372 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया है।
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि पकड़े गए यात्रियों से जुर्माने के रुप में कुल 3 लाख 83 हजार 135 रुपए की राशि वसूली गई है। इस अभियान से भागलपुर - जमालपुर और साहिबगंज - भागलपुर रेलखंडों के विभिन्न स्टेशनों पर टिकट बिक्री में बढ़ोतरी होने से राजस्व में भी वृद्धि देखी जा रही है।
श्री सिंह ने बताया कि मालदा मंडल के सभी रेलखंडों पर विशेष टिकट जांच अभियान चला कर रेलवे राजस्व में वृद्धि के साथ साथ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित