रायसेन भोपाल , नवंबर 28 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान खान की देर रात पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके चलते पुलिस को उस पर गाेली चलानी पड़ी।

घायल आरोपी सलमान को भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आज उसे गोहरगंज न्यायालय में पेश किया जायेगा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात गौहरगंज लाया जा रहा था, तभी वह पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश करने लगा। ओबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में हुई इस घटना के दौरान पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे रोक लिया। उसे घायल अवस्था में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

आरोपी सलमान को कल देर रात भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र से पकड़ा गया था। इसके बाद रायसेन पुलिस उसे गौहरगंज ले जा रही थी। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा था।

पीड़िता के परिजन और हिन्दू संगठन आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं। इसी बीच सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस द्वारान्यायालय और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।

आरोपी गुरुवार देर रात लगभग साढ़े 11 बजे भोपाल के गांधीनगर से पकड़ में आ गया। पुलिस से पूछताछ में उसने दावा किया कि वो जंगल के रास्ते पैदल आया है, जिसके बाद रायसेन की गौहरगंज पुलिस उसे अपने साथ ले जा रही थी, तभी उसने भागने की कोशिश की।

गौहरगंज में पिछले शुक्रवार को आरोपी द्वारा छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। इसके बाद से आरोपी फरार था। हालांकि दो दिन पहले उसके दो सीसीटीवी फुटेज सामने आए थे, जिसमें वो घटना के बाद एक स्थानीय दुकान से सिगरेट खरीदता हुआ दिखाई दे रहा था। इसके बाद ये भी दिखा था कि लोगों ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वो जंगल की ओर भाग गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित