प्रयागराज , जुलाई 7 -- संगम नगरी प्रयागराज में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह समेत अन्य लोगों द्वारा की गई अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई। पीडीए अधिकारियों के अनुसार जोन संख्या-दो के अंतर्गत एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के असरावल खुर्द, रावतपुर और कटहुला गौसपुर गांवों में बिना स्वीकृत ले-आउट के विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध अभियान चलाया गया। असरावल खुर्द गांव में अनुज सिंह द्वारा करीब 20 बीघा भूमि पर की गई कथित अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा रावतपुर में लगभग आठ बीघा क्षेत्र में विकसित प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि कटहुला गौसपुर में भी अनुज सिंह से संबंधित अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज ने बताया कि बिना स्वीकृत ले-आउट के विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि असरावल खुर्द गांव में मधुकर मिश्रा द्वारा लगभग 10 बीघा तथा शिवांग श्रीवास्तव द्वारा करीब आठ बीघा भूमि पर विकसित की गई अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया।
पीडीए के जोनल अधिकारी सूरज पटेल के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने मंगलवार सुबह से तीन जेसीबी मशीनों की सहायता से कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार ले-आउट स्वीकृत कराए बिना विकसित की जा रही कॉलोनियों और प्लाटिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर दो जुलाई को संगम क्षेत्र में जल सत्याग्रह शुरू किया था। जल सत्याग्रह के बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने उनके खिलाफ एयरपोर्ट थाने में आठ मुकदमे दर्ज कराए थे, जबकि मेला प्राधिकरण ने भी एक अलग प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अनुज सिंह ने तीन जुलाई को अपना जल सत्याग्रह समाप्त कर दिया था। इसके बाद से ही उनके विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित