प्रयागराज , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला कार्यालय में घुसकर मारपीट करने, पिस्टल तानने और 2.70 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। संगठन के जिला कार्यालय प्रभारी सौरभ उपाध्याय ने एयरपोर्ट थाने में तहरीर देकर संजय यादव उर्फ संजय गांधी, उसके भाई सत्येंद्र यादव, सत्येंद्र के बेटे कुंवर सिंह समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। सौरभ के मुताबिक, आरोपियों ने कार्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और रुपये नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी।

इस मामले में आरोपी संजय गांधी का भी एक वीडियो सामने आया है। इसमें उसने एक बीघा जमीन के सात लाख रुपये बकाया होने का दावा करते हुए खुद और अपनी पत्नी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि रुपये लौटाने के लिए उसे शाम 4:30 बजे बुलाया गया था। इस दौरान उसके और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने सौरभ की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के जगन्नाथीपुर निवासी सौरभ उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि वह प्रयागराज में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला कार्यालय का प्रभारी है। घटना के समय कार्यालय में संगठन के कई पुरुष और महिला कार्यकर्ता मौजूद थे।सौरभ के मुताबिक, मगलवार की देर शाम एक व्यक्ति हाथ में पिस्टल लेकर कार्यालय में घुस आया। उसने पिस्टल तानते हुए कहा कि अपने नेता से बोल दो कि वह 10 मिनट में लौटकर आ रहा है। अगर कार्यालय चलाना है तो पांच लाख रुपये मंगवा लो, नहीं तो गोली मार दूंगा।

तहरीर के मुताबिक, करीब 10 मिनट बाद संजय यादव उर्फ संजय गांधी अपने भाई सत्येंद्र यादव, सत्येंद्र के बेटे कुंवर सिंह और कुछ अन्य लोगों के साथ दोबारा कार्यालय पहुंचा। उस समय कार्यालय का शटर बंद था। आरोप है कि सभी शटर तोड़कर अंदर घुस आए और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान गाली-गलौज भी की गई।सौरभ ने आरोप लगाया कि हमले में कार्यालय में मौजूद कई लोगों को चोटें आई हैं। उसने दावा किया कि संजय गांधी ने उस पर पिस्टल तान दी और संगठन के कार्यक्रम के लिए जुटाए गए 2.70 लाख रुपये छीन लिए। आरोप है कि हमलावर जाते समय उसे और संगठन के नेता को गोली मारने की धमकी देकर चले गए।

दूसरी ओर, आरोपी संजय गांधी का भी एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह एक बीघा जमीन के सात लाख रुपये बकाया होने की बात कह रहा है। उसका आरोप है कि रुपये वापस करने के लिए उसे शाम 4:30 बजे बुलाया गया था। वहां उसके और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की गई।इस तरह मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, जमीन के रुपये के विवाद और मारपीट से जुड़े दावों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।एयरपोर्ट थाना प्रभारी वैभव सिंह ने बताया कि सौरभ उपाध्याय की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित