नयी दिल्ली , अक्टूबर 05 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्यसभा सदस्य संदोष कुमार पी. ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हमला बोलते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की है।
श्री कुमार ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर 'वोट चोरी', झूठ बोलने और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि शीर्ष न्यायालय ने संशोधित फॉर्म-6 को मंजूरी देने से स्पष्ट रूप से इनकार किया था, जबकि चुनाव आयोग ने 26 सितंबर के एक प्रेस बयान में दावा किया कि अदालत ने इन बदलावों को मंजूरी दी थी। उन्होंने कहा कि बाद में चुनाव आयोग की वेबसाइट से यह प्रेस विज्ञप्ति कथित तौर पर हटा दी गयी।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्री ज्ञानेश कुमार ने अन्य दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को दरकिनार किया और ऐसे निर्णय को वैध ठहराने के लिए शीर्ष न्यायालय के नाम का इस्तेमाल किया, जिसे अदालत ने मंजूरी नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी के साथ 'अक्षम्य विश्वासघात' है। उन्होंने सवाल उठाया कि फॉर्म-6 में बदलाव किसने किया, कथित गलत दावा किसने अधिकृत किया और चुनाव आयोग की प्रेस विज्ञप्ति हटाने का आदेश किसने दिया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता बचाने के लिए श्री ज्ञानेश कुमार को पद से इस्तीफा देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित