रांची , जून 20 -- झारखंड में भाकपा माले के केंद्रीय कमेटी सदस्यों की बैठक आज पार्टी के राज्य कार्यालय महेंद्र सिंह भवन,रांची में आयोजित हुई।

बैठक में राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में कांग्रेस पार्टी द्वारा भाकपा माले पर लगाए गए तथ्यहीन आरोपों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में कहा गया कि इन आरोपों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। भाकपा माले एक संघर्षशील एवं वैचारिक पार्टी है और पार्टी के विधायकों ने निर्णय के अनुसार ही राज्यसभा चुनाव में अपना वोट कांग्रेस प्रत्याशी को डाला।

ऐसे में कांग्रेस पार्टी द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। पार्टी ने कांग्रेस से इन आरोपों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में सभी मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए 'गांव चलो' अभियान पर जोर दिया गया है और बेरोज़गारी के खिलाफ रोजगार के लिए आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया गया है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस मामले में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा और उनके समक्ष तथ्यहीन आरोपों के संबंध में अपना पक्ष रखेगा।

बैठक में पार्टी के राज्य सचिव मनोज भक्त, पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद, हलधर महतो, पोलित ब्यूरो सदस्य पूर्व विधायक विधायक विनोद कुमार सिंह, केंद्रीय कमिटी सदस्य व विधायक अरूप चटर्जी, केंद्रीय कमिटी सदस्य आर.डी. मांझी, निताई महतो, नीरज कुमार, चंद्रदेव महतो उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित