दरभंगा, मई 10 -- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) का 12 वां राज्य सम्मेलन 16 से 18 मई तक दरभंगा के पोलो मैदान स्थित प्रेक्षा गृह मेंआयोजित होगा,जिसमें राज्यभर के एक हजार प्रतिनिधि, पर्यवेक्षक और अतिथि भाग लेंगे।
सम्मेलन की तैयारी को लेकर आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाकपा माले पोलित ब्यूरो के सदस्य सह मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा ने रविवार को बताया कि सम्मेलन में केंद्रीय कमिटी की ओर पर्यवेक्षक के रूप में तमिलनाडु से वी शंकर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य तीनों दिन सम्मेलन में रहेंगे और सम्मेलन को राजनीतिक दिशा देंगे। सम्मेलन स्थल का नामकरण रेणु नागार्जुन नगर, रामदेव वर्मा - लक्ष्मी पासवान सभागार, मधु मिश्रा - दयमंती सिन्हा - शहीदा खातून मंच किया गया है।
श्री झा ने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन 16 मई को प्रथम सत्र खुला अधिवेशन के रूप में होगा, जिसमें माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, मंगनी लाल मंडल, राजेश राम, आई पी गुप्ता, बाल गोबिंद बिंद, उमेश सहनी, रामनरेश पांडे, ललन चौधरी, सांसद राजाराम सिंह, सुदामा प्रसाद भाग लेंगे। खुला अधिवेशन में भाग लेने के लिए शहर के बुद्धिजीवियों और नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है।
धीरेंद्र झा ने आरोप लगाया कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छात्र और युवाओं पर लाठियाँ बरसा रही है। सरकार के घोषणा के अनुरूप ही छात्र अपना रोजगार मांग रहे थे,लेकिन रोजगार देने के बदले सरकार छात्र - युवाओं से अपराधी की तरह व्यवहार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सम्मेलन में छात्र और युवाओं पर हुए बर्बर लाठीचार्ज और प्रवासी मजदूरों की दिल्ली सहित अन्य जगहों पर हो रही हत्याओं को मुद्दा बनाया जायेगा। बुलडोजर राज के खिलाफ प्रतिरोध की रणनीति बनाई जायेगी।
मौके पर माले के जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने कहा कि सम्मेलन की तैयारी जोर शोर से चल रही है। स्वागत समिति के गठन की तैयारी चल रही है।
संवाददाता सम्मेलन को माले के वरिष्ठ नेता आर के सहनी, राज्य कमिटी सदस्य नेयाज अहमद, एवं नंदलाल ठाकुर ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित