हैदराबाद , मई 05 -- तेलंगाना में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव और विधायक कुनमनेनी संबाशिव राव ने ईंधन की बढ़ती कीमतों और कमी के खिलाफ 6 मई को राज्यव्यापी विरोध- प्रदर्शन का आह्वान किया है।
उन्होंने अपने बयान में पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से इस आंदोलन को सफल बनाने का आग्रह करते हुए फसल कटाई के मौसम में डीजल की अनुपलब्धता के कारण होने वाली कठिनाइयों को उजागर किया।
उन्होंने सरकार की इस बात के लिए आलोचना की कि वह कमी होने से इनकार कर रही है, जबकि लोग अभी भी ईंधन स्टेशनों पर लंबी कतारों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी और पेट्रोल व डीजल की दरों में प्रस्तावित वृद्धि से जनता पर और बोझ पड़ने और महंगाई बढ़ने का आरोप लगाया।
उन्होंने यह चेतावनी देते हुए कि ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर जरूरी चीजों और व्यवसायों पर पड़ेगा, अपील की कि भाकपा के बैनर तले सभी जिलों, मंडलों और गांवों में विरोध-प्रदर्शन किए जाएं, जिसमें विरोध के प्रतीक के तौर पर गैस सिलेंडरों और खाली डिब्बों का इस्तेमाल किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित